spot_img
दुनिया में जो बदलाव आप देखना चाहते हैं, वह खुद बनिए. - महात्मा गांधी
Homeउत्तराखंडमहापौर दीपक बाली ने कार्यकर्ताओं संग सुनी प्रधानमंत्री की मन की बात,...

महापौर दीपक बाली ने कार्यकर्ताओं संग सुनी प्रधानमंत्री की मन की बात, राष्ट्र निर्माण और जनभागीदारी के संदेश को बताया प्रेरणादायी

काशीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण का रविवार को देशभर में प्रसारण हुआ। काशीपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 133, लक्ष्मीपुर पट्टी में महापौर दीपक बाली ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देश के विभिन्न हिस्सों में समाजहित के लिए किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों, युवाओं की सकारात्मक भूमिका, नशामुक्ति, स्वच्छता, महिला उद्यमिता, पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान एवं तकनीक तथा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर देशवासियों से संवाद किया। प्रधानमंत्री ने सामान्य नागरिकों के छोटे-छोटे प्रयासों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए जनभागीदारी को विकास की महत्वपूर्ण ताकत बताया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान भी किया। इसके साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, स्थानीय कारीगरों और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद महापौर दीपक बाली ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल प्रधानमंत्री का देशवासियों से संवाद नहीं, बल्कि समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को राष्ट्रीय मंच देने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जिस तरह गांवों, कस्बों और छोटे शहरों से निकलने वाली प्रेरणादायी कहानियों को देश के सामने रखते हैं, उससे आम नागरिकों में भी सकारात्मक कार्य करने का उत्साह पैदा होता है। महापौर ने कहा कि आज प्रधानमंत्री द्वारा नशामुक्ति, स्वच्छता, स्थानीय उत्पादों और जनभागीदारी को लेकर दिया गया संदेश वर्तमान समय में बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मजबूत और विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए राष्ट्रहित के कार्यों में भागीदारी निभाए। महापौर ने स्थानीय उत्पादों को अपनाने की अपील को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे छोटे व्यापारियों, कारीगरों, महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों को आर्थिक मजबूती मिल सकती है।

उल्लेखनीय है कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 3 अक्टूबर 2014 को की थी। बाद में अप्रैल 2015 से इसका प्रसारण प्रत्येक महीने के अंतिम रविवार को किया जाने लगा। वर्ष 2023 में कार्यक्रम का 100वां संस्करण प्रसारित हुआ और अब यह संवाद यात्रा 137वें संस्करण तक पहुंच चुकी है। महापौर दीपक बाली ने कहा कि इतने लंबे समय से लगातार देशवासियों से जुड़े रहने वाला यह कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरणा देने का महत्वपूर्ण मंच बन गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को केवल सुनने तक सीमित न रखने, बल्कि उन्हें समाज और क्षेत्र में व्यवहारिक रूप से आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष मोहन बिष्ट, पार्षद अशोक सैनी, बूथ अध्यक्ष अजय सैनी, व्यापार प्रकोष्ठ जिला संयोजक राजेंद्र बिष्ट, मंडल महामंत्री अशोक सैनी, शक्ति केंद्र संयोजक बृजेश सैनी, मुकेश चौहान, तेज प्रकाश सैनी, देवेश सैनी, सौरव सैनी, सरित सैनी, राजेश सैनी, अनिल कुमार, नरेश सैनी, अमित सैनी, अमित कुमार समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

संबंधित ख़बरें
स्वच्छ, सुंदर और विकसित काशीपुर के संकल्प संग गणतंत्र दिवस

लेटेस्ट

ख़ास ख़बरें

error: Content is protected !!