देहरादून। उत्तराखंड की शांत छवि पर बीते कुछ समय से ऐसे साये मंडरा रहे हैं, जिन्होंने न केवल प्रशासन की सतर्कता पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और आपसी विश्वास की बुनियाद को भी झकझोर दिया है। राज्य के विभिन्न हिस्सों से सामने आ रही घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े लोग स्वयं को असहज और असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। देहरादून, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार और चमोली जैसे जिलों से लगातार ऐसी खबरें आना इस बात की ओर इशारा करता है कि मामला किसी एक क्षेत्र या एक घटना तक सीमित नहीं है। मारपीट, आपत्तिजनक टिप्पणियां, नाम पूछकर की गई बदसलूकी और धार्मिक पहचान को लेकर विवादों ने वातावरण को संवेदनशील बना दिया है। पुलिस और प्रशासन भले ही हर प्रकरण में जांच और कार्रवाई की बात कर रहे हों, लेकिन घटनाओं की निरंतरता ने लोगों के मन में यह सवाल पैदा कर दिया है कि आखिर समाज किस दिशा में जा रहा है। खासकर सोशल मीडिया के दौर में जब किसी भी घटना का वीडियो या संदेश चंद मिनटों में हजारों लोगों तक पहुंच जाता है, तब हालात और भी जटिल हो जाते हैं। प्रशासन के सामने चुनौती केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने की नहीं, बल्कि समाज में भरोसा कायम रखने की भी है।
हालिया दिनों में चर्चा का केंद्र बना दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड का मामला इस पूरी श्रृंखला की एक ताजा कड़ी है, जिसने सीमावर्ती इलाकों में हलचल पैदा कर दी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कुछ महिलाएं कथित रूप से अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द लिखती हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो रात के अंधेरे में रिकॉर्ड किया गया था, जिससे इसकी पृष्ठभूमि और उद्देश्य को लेकर कई सवाल खड़े हो गए। वीडियो सामने आते ही सहारनपुर से लेकर देहरादून तक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने सहारनपुर के बिहारीगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वीडियो में दिख रही महिलाएं कौन हैं और उन्होंने ऐसा क्यों किया। इस घटनाक्रम के बाद प्रशासनिक महकमे में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। ईटीवी भारत से बातचीत में बिहारीगढ़ थाना प्रभारी अक्षय शर्मा ने बताया कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी से प्राप्त तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो की सत्यता, उसमें शामिल लोगों की पहचान और घटना के पीछे की मंशा को खंगाला जा रहा है।
इस मामले के सामने आने के बाद देहरादून पुलिस भी अलर्ट मोड में आ गई है और सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही हर सामग्री पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना से सामाजिक तनाव न फैले, इसके लिए निगरानी तंत्र को और मजबूत किया गया है। प्रशासन का तर्क है कि कई बार अधूरी या संदर्भ से बाहर की गई पोस्ट समाज में अनावश्यक उबाल ला देती हैं, जिसका सीधा असर कानून व्यवस्था पर पड़ता है। यही वजह है कि पुलिस हर वायरल वीडियो और संदेश की तथ्यात्मक जांच कर रही है। हालांकि, अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों का कहना है कि बार-बार इस तरह की घटनाओं के सामने आने से उनके मन में डर बैठता जा रहा है। वे यह महसूस कर रहे हैं कि छोटी-छोटी बातों को धार्मिक पहचान से जोड़कर देखा जा रहा है, जो भविष्य के लिए शुभ संकेत नहीं है।
इसी कड़ी में ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर से सामने आई घटना ने भी पूरे प्रदेश को सोचने पर मजबूर कर दिया। 24 फरवरी को मंदिर के पास नमाज अदा कर रहे एक मजदूर के साथ मारपीट का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो मामला तेजी से तूल पकड़ने लगा। पीड़ित मोहम्मद शाहिद, जो पेशे से राज मिस्त्री हैं, ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से निर्माण कार्य में लगे हुए हैं और इन दिनों अटरिया देवी मंदिर के पास बन रहे भवन में काम कर रहे थे। उनका कहना है कि पास के खाली मैदान में वह कुछ दिनों से नमाज पढ़ रहे थे और उन्हें यह अंदेशा नहीं था कि इससे किसी को आपत्ति होगी। वीडियो में एक व्यक्ति उनके साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है, जिसके बाद यह मामला पुलिस तक पहुंचा। शिकायत के आधार पर आरोपी अरविंद शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि मेडिकल जांच में शाहिद के हाथ और पसलियों में चोट की पुष्टि हुई है। वहीं, आरोपी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए यह दावा किया कि संबंधित व्यक्ति को पहले भी वहां नमाज न पढ़ने के लिए कहा गया था।
राज्य के धार्मिक और सामाजिक ताने-बाने को झकझोरने वाली घटनाओं की श्रृंखला में हरिद्वार से सामने आए प्रकरणों ने प्रशासनिक दावों और जमीनी हकीकत के बीच की खाई को और स्पष्ट कर दिया। 25 फरवरी को एक ट्रक चालक द्वारा लगाए गए आरोपों ने अचानक माहौल को गर्मा दिया, जब उसने यह दावा किया कि ढाबे पर रुकने के दौरान उससे पहले नाम पूछा गया और फिर धर्म के आधार पर मारपीट की गई। यह आरोप जैसे ही सार्वजनिक हुआ, सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई और मामला तेजी से संवेदनशील बन गया। हालांकि हरिद्वार पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद धर्म के आधार पर मारपीट की बात से इनकार किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने स्पष्ट किया कि जांच में यह सामने आया है कि विवाद ट्रक के पास लघुशंका करने को लेकर हुआ था और दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से नहीं जानते थे। पुलिस के अनुसार दोनों ओर से शिकायत दर्ज की गई है और निष्पक्ष जांच जारी है। इसके बावजूद, इस घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया कि जब किसी विवाद में धार्मिक पहचान का आरोप सामने आता है, तो उसका सामाजिक असर कितना व्यापक हो जाता है। कई लोग इसे केवल एक सामान्य झगड़ा मानने को तैयार नहीं थे, जबकि प्रशासन का कहना है कि तथ्यों के आधार पर ही कार्रवाई की जा रही है।
हरिद्वार के ही कनखल क्षेत्र से जुड़ा एक अन्य मामला स्थानीय स्तर पर बहस का कारण बन गया, जहां विशेष समुदाय से संबंध रखने वाले एक फेरीवाले के साथ कथित अभद्रता का आरोप सामने आया। पीड़ित का कहना है कि एक युवक ने पहले उसका नाम पूछा और फिर क्षेत्र छोड़ने की धमकी दी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो स्वयं युवक द्वारा सोशल मीडिया पर डाला गया, जिसके बाद मामला और अधिक तूल पकड़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही समुदाय के कई लोग थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। कनखल इंस्पेक्टर देवेंद्र रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने इसलिए भी अधिक चर्चा बटोरी क्योंकि हाल के दिनों में हरकी पैड़ी क्षेत्र में गैर हिंदुओं के प्रवेश को लेकर लगाए गए पोस्टर पहले से ही चर्चा का विषय बने हुए थे। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं और प्रतीकात्मक संदेश समाज में अनावश्यक विभाजन को जन्म देते हैं। प्रशासन के लिए चुनौती यह है कि वह कानून के दायरे में रहकर स्थिति को संभाले और किसी भी समुदाय को यह महसूस न होने दे कि उसके साथ पक्षपात हो रहा है।
चमोली जिले के ज्योतिर्मठ में नगर पालिका सभागार में 20 फरवरी को नमाज पढ़े जाने का मामला केवल एक स्थानीय विवाद बनकर नहीं रह गया, बल्कि उसने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया। इस प्रकरण को लेकर स्थानीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की और सीमांत क्षेत्रों में बाहरी लोगों की बढ़ती संख्या को लेकर चिंता जताई। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि सार्वजनिक स्थलों पर धार्मिक गतिविधियों को लेकर स्पष्ट नीति की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसे विवाद न हों। मुख्यमंत्री ने मामले को संज्ञान में लेने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। दूसरी ओर, चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि मामला सामने आते ही दोनों पक्षों को समझाया गया और स्थिति को शांत किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के मामूली चालान किए गए हैं। इस घटना ने धार्मिक पहचान, जनसंख्या संतुलन और सार्वजनिक स्थानों के उपयोग जैसे बड़े सवालों को फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि सीमांत क्षेत्रों में इस तरह के विवादों को समय रहते सुलझाना बेहद जरूरी है, ताकि वे किसी बड़े तनाव का रूप न लें।
इसी तरह, विकासनगर के डाकपत्थर बाजार में कश्मीरी शॉल विक्रेताओं के साथ हुई मारपीट का मामला भी लंबे समय तक चर्चा में रहा। जनवरी महीने में सामने आए इस प्रकरण में आरोप लगा कि दुकान पर मौजूद लोगों ने शॉल बेचने आए युवकों के साथ धार्मिक और जातिगत टिप्पणियां कीं। पीड़ितों का कहना है कि पहलगाम आतंकी हमले से जोड़ते हुए आपत्तिजनक बयान दिए गए और विरोध करने पर उनके साथ जानलेवा हमला किया गया। इस घटना के बाद स्थानीय मुस्लिम समुदाय ने विकासनगर चौकी का घेराव भी किया था। इससे पहले 24 दिसंबर को काशीपुर से भी कश्मीरी शॉल विक्रेता के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिस पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और वीडियो को हटाने के निर्देश दिए। इन दोनों घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया कि बाहरी राज्यों से व्यापार या रोजगार के लिए आने वाले लोगों के साथ होने वाली घटनाएं किस तरह राज्य की छवि को प्रभावित कर सकती हैं।
सोशल मीडिया की भूमिका इन सभी मामलों में निर्णायक रूप से सामने आई है। चाहे एलिवेटेड रोड पर लिखा गया आपत्तिजनक संदेश हो, रुद्रपुर की मारपीट का वीडियो या कनखल का विवाद, हर घटना कुछ ही घंटों में हजारों लोगों तक पहुंच गई। विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री अक्सर अधूरी होती है और बिना संदर्भ के साझा की जाती है, जिससे एकतरफा धारणा बनती है। यही धारणा बाद में समाज में अविश्वास और तनाव को बढ़ावा देती है। प्रशासन के लिए यह आवश्यक हो गया है कि वह समय रहते तथ्यों की पुष्टि कर स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक करे, ताकि अफवाहों पर लगाम लगाई जा सके। कई वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि अगर सोशल मीडिया पर निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया नहीं दी गई, तो छोटे-छोटे विवाद भी बड़े सामाजिक संकट का रूप ले सकते हैं।
राज्य में सामने आ रही इन तमाम घटनाओं के बीच जब अल्पसंख्यक समुदाय की ओर से आवाज़ें तेज़ हुईं, तो उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स का बयान भी सार्वजनिक हुआ, जिसने पूरे घटनाक्रम को एक व्यापक सामाजिक और संवैधानिक दृष्टिकोण से देखने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया। शादाब शम्स ने साफ शब्दों में कहा कि प्रदेश में जो कुछ हो रहा है, वह किसी भी सूरत में बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। उनका कहना था कि संविधान की शपथ लेने वाले अधिकारियों की यह जिम्मेदारी बनती है कि वे हर नागरिक को सुरक्षा और समानता का एहसास कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि लगातार ऐसी घटनाएं सामने आती रहीं, तो स्वाभाविक रूप से अल्पसंख्यक समुदाय के भीतर डर और असुरक्षा की भावना पनपेगी। शादाब शम्स ने गंगा-जमुनी तहज़ीब का हवाला देते हुए कहा कि उत्तराखंड की पहचान हमेशा से आपसी भाईचारे और शांति से रही है, लेकिन यदि इस तरह के मामलों को समय रहते नहीं रोका गया, तो यह पहचान धूमिल हो सकती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह इस पूरे मसले को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग रखेंगे, ताकि भविष्य में किसी भी समुदाय को खुद को हाशिये पर खड़ा महसूस न करना पड़े।
दूसरी ओर, उत्तराखंड मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष मुफ़्ती शमून क़ासमी ने अपेक्षाकृत संतुलित और संयमित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि समाज में हर तरह के लोग होते हैं और कुछ तत्व ऐसे भी होते हैं, जो जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं। उनका कहना था कि इसे पूरे समाज या सरकार की नीयत से जोड़कर देखना उचित नहीं होगा। मुफ़्ती शमून क़ासमी ने यह भी कहा कि सरकार और पुलिस प्रशासन ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है और कानून अपना काम कर रहा है। उन्होंने माना कि इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय जरूर हैं, लेकिन इसे यह समझने की जरूरत है कि समाज एकसमान नहीं होता। उनका तर्क था कि शांति बनाए रखने के लिए सभी वर्गों को संयम और समझदारी से काम लेना चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रशासन निष्पक्ष रूप से जांच कर रहा है और दोषियों को सजा मिलेगी। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि धार्मिक मामलों को राजनीतिक या भावनात्मक रंग देने से स्थिति और बिगड़ सकती है, इसलिए संवाद और कानून के रास्ते पर ही समाधान तलाशना चाहिए।
इन घटनाओं पर मीडिया और सामाजिक विमर्श के स्तर पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। वरिष्ठ पत्रकार और सहर प्रजातंत्र के सम्पादक सुनील कोठारी ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आजकल किसी भी घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर देना एक तरह की प्रवृत्ति बन चुकी है, जिसमें यह संदेश देने की कोशिश होती है कि कोई कुछ नहीं कर सकता। सुनील कोठारी का मानना है कि यह सोच समाज के लिए बेहद खतरनाक है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति नेता बनने की होड़ में दिखाई दे रहा है और इसी कारण छोटे-छोटे विवादों को भी तूल दिया जा रहा है। उनके अनुसार यदि पुलिस और प्रशासन ने समय रहते सख्त और स्पष्ट संदेश नहीं दिया, तो यह प्रवृत्ति बुखार की तरह समाज में फैलती चली जाएगी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि कानून का डर खत्म होना किसी भी राज्य के लिए शुभ संकेत नहीं होता। मीडिया की भूमिका पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि खबरों को तथ्यों के साथ और संतुलित ढंग से प्रस्तुत करना भी उतना ही जरूरी है, ताकि समाज में अनावश्यक भय या नफरत न फैले।
राजनीतिक स्तर पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी के विधायक और प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने स्पष्ट किया कि पार्टी या सरकार किसी भी तरह का अलगाववाद नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि होली का समय नजदीक है और ऐसे में किसी भी तरह से राज्य का माहौल खराब करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विनोद चमोली ने यह भी कहा कि धर्म के आधार पर किसी को परेशान करने की अनुमति किसी को नहीं है और यदि कोई ऐसा करता है, तो कानून उसके खिलाफ कार्रवाई करेगा। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति आपसी भाईचारे और शांति की रही है और इसे बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटना जरूरी है। उनका कहना था कि सरकार का स्पष्ट रुख है कि समाज में किसी भी तरह की नफरत या विभाजन को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा और सभी नागरिकों के अधिकार समान रूप से सुरक्षित रहेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी लगातार इन सवालों का सामना कर रहे हैं कि क्या प्रदेश में अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है। हाल ही में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनसे कई बार इस तरह की बातें पूछी जाती हैं, लेकिन वह साफ तौर पर कहना चाहते हैं कि उनकी सरकार “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना में विश्वास करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए सभी नागरिक समान हैं और सरकार सबके लिए काम कर रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तराखंड की धार्मिकता और डेमोग्राफी के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका कहना था कि राज्य की शांति और सामाजिक संतुलन बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी सरकार इसी दिशा में काम करती रहेगी।
अंततः, उत्तराखंड जो लंबे समय से अपनी शांत और सौहार्दपूर्ण पहचान के लिए जाना जाता रहा है, आज एक कठिन परीक्षा के दौर से गुजर रहा है। हालिया घटनाएं यह संकेत देती हैं कि यदि प्रशासन, समाज और राजनीतिक नेतृत्व ने मिलकर संतुलित और संवेदनशील दृष्टिकोण नहीं अपनाया, तो छोटी-छोटी चिंगारियां बड़े विवाद का रूप ले सकती हैं। ऐसे समय में आवश्यकता है कि कानून का पालन सख्ती से हो, लेकिन साथ ही संवाद और आपसी समझ को भी बढ़ावा दिया जाए। समाज के सभी वर्गों को यह समझना होगा कि संयम और जिम्मेदारी ही वह रास्ता है, जिससे उत्तराखंड अपनी उस पहचान को बचा सकता है, जिस पर उसे हमेशा गर्व रहा है।





