spot_img
दुनिया में जो बदलाव आप देखना चाहते हैं, वह खुद बनिए. - महात्मा गांधी
Homeउत्तराखंडउत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन काशीपुर डिपो चुनाव में नवनिर्वाचित टीम ने बढ़ाया...

उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन काशीपुर डिपो चुनाव में नवनिर्वाचित टीम ने बढ़ाया संघर्ष का संकल्प

नई कार्यकारिणी ने कर्मचारियों की बेहतरी और यूनियन के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए संघर्ष जारी रखने का लिया संकल्प, बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम।

काशीपुर। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन काशीपुर डिपो का चुनाव संपन्न होते ही यूनियन के माहौल में जोश और ऊर्जा की लहर दौड़ गई। चुनाव परिणामों ने जहां संगठन में नई उम्मीदें जगाईं, वहीं हरजिंदर सिंह को शाखा अध्यक्ष चुने जाने के साथ ही यह स्पष्ट हो गया कि कर्मचारियों का भरोसा नेतृत्व परिवर्तन में है। दिलशाद हुसैन ने शाखा मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली और बाकी पदों पर भी जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशियों ने अपने इरादे साफ कर दिए कि यह कार्यकाल सिर्फ औपचारिकता नहीं बल्कि कर्मचारी अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित होगा। शाखा उपाध्यक्ष के रूप में संदीप ठाकुर और अनिल कुमार का चयन इस बात की पुष्टि करता है कि यूनियन अब ज़मीनी मुद्दों को प्राथमिकता पर लेगी। शाखा संयुक्त मंत्री लवकेश कुमार और संयुक्त मंत्री महेश सिंह की भूमिका संगठन को मजबूत करने में अहम साबित होगी।

कोषाध्यक्ष के तौर पर महेश राम को चुना गया, जो यूनियन की वित्तीय पारदर्शिता को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध दिखे। क्षेत्रीय प्रतिनिधियों की सूची में दीपक कुमार जोशी और शैलेंद्र पवार जैसे नामों ने संगठन की पहुंच को विस्तृत किया है। वहीं प्रान्तीय प्रतिनिधियों के रूप में मुकेश कुमार शर्मा और गुरजंट सिंह का चयन यह दर्शाता है कि संगठन प्रदेश स्तर पर भी अपनी पैठ मजबूत कर रहा है। कार्यकारिणी में राजेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, रोहित कुमार और मोबीन अहमद को शामिल किया गया है, जिन्होंने अपने क्षेत्रों में श्रमिकों की समस्याओं को प्राथमिकता पर रखा है। मंडलीय अध्यक्ष एल डी पालीवाल और मंडलीय मंत्री गोपेश्वर श्रीवास्तव ने नवनिर्वाचित टीम को शपथ दिलाई और विश्वास जताया कि यह टीम नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगी।

मंडलीय अध्यक्ष एल डी पालीवाल ने कहा कि उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन काशीपुर डिपो के चुनाव के परिणामों पर मुझे अत्यधिक प्रसन्नता है। नवनिर्वाचित शाखा अध्यक्ष हरजिंदर सिंह और उनकी पूरी कार्यकारिणी को मैं हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ। उनका चुनाव कर्मचारियों के विश्वास और उनकी मेहनत का परिणाम है, और मुझे पूरा विश्वास है कि वे कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने में पूरी निष्ठा से काम करेंगे। उन्होने कहा कि मैंने हमेशा कर्मचारी एकता और उनके अधिकारों की लड़ाई में हिस्सा लिया है और इस नई कार्यकारिणी से भी यही उम्मीद करता हूँ कि वे कर्मचारियों के लिए हमेशा खड़े रहेंगे। हमें हर एक कर्मचारी के अधिकारों की रक्षा करनी है और जो भी समस्याएं हैं, उन्हें मिलकर हल करना है। हमारी प्राथमिकता प्राइवेट बसों को हटाने, कर्मचारियों का नियमितीकरण और डिपो में जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना होगी। मैं नवनिर्वाचित टीम के साथ मिलकर कार्य करने के लिए तत्पर हूँ।

वही नवनिर्वचित शाखा अध्यक्ष हरजिंदर सिंह ने कहा कि मुझे उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन काशीपुर डिपो के शाखा अध्यक्ष के रूप में चुने जाने पर गर्व और जिम्मेदारी महसूस हो रही है। यह पद सिर्फ एक सम्मान नहींए बल्कि हमारे कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने का एक अवसर है। मेरी पूरी कोशिश रहेगी कि हम सभी कर्मचारियों को एकजुट करें और उनकी समस्याओं को सुलझाने के लिए प्रभावी कदम उठाएं। कर्मचारियों की आवाज को मजबूती से उठाना हमारी प्राथमिकता होगी। उन्होने कहा कि प्राइवेट डगामार बसों के खिलाफ संघर्ष को और तेज किया जाएगाए ताकि हमारे डिपो के कर्मचारियों को रोजगार की सुरक्षा मिल सके। इसके साथ हीए सभी कर्मचारियों का नियमितीकरण हमारी सबसे बड़ी चुनौती होगी। मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि डिपो में स्पेयर पार्ट्स की कमी ना हो और कर्मचारियों को सभी सुविधाएं प्रदान की जाएं। पर्वतीय मार्गों पर बसों का संचालन भी हमारी योजना का हिस्सा हैए ताकि यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिल सकें। मुझे विश्वास है कि हम मिलकर इन सभी मुद्दों का समाधान करेंगे और यूनियन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे

शपथग्रहण समारोह के दौरान चुनाव अधिकारी गुरवेल सिंह, बलदेव सिंह, मनिंदर सिंह और धर्मपाल कंबोज की मौजूदगी ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की। साथ ही संरक्षक राकेश बाबू कटिहार, ईश्वर सिंह और मुकेश कुमार शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति से यह साफ जाहिर हुआ कि यूनियन का यह चुनाव सिर्फ पदों के चयन का माध्यम नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं के विश्वास का प्रमाण भी है। इस दौरान जहां संगठन के पुराने सदस्यों ने भावी दिशा और रणनीतियों पर अपने सुझाव दिए, वहीं युवा कार्यकर्ताओं ने संगठन को तकनीकी और कार्यशैली के स्तर पर उन्नत करने का संकल्प लिया।

नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने एक स्वर में यह स्पष्ट कर दिया कि अब यूनियन केवल बैठकों और घोषणाओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए सड़कों पर संघर्ष से भी पीछे नहीं हटेगी। निजी डगामार बसों को हटाने की पुरानी मांग को एक बार फिर पूरी ताकत के साथ उठाने का एलान किया गया। नवनिर्वाचित टीम ने कहा कि हर कर्मचारी को नियमित करवाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे, साथ ही डिपो में स्पेयर पार्ट्स की कमी को दूर करने के लिए प्रभावशाली प्रयास किए जाएंगे। परिवहन निगम में नई बसें लाने के लिए शासन स्तर पर दबाव बनाया जाएगा और पर्वतीय रूटों पर नियमित बस संचालन के लिए संघर्ष तेज किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष कमल पपने और महामंत्री अशोक चौधरी ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए उन्हें कर्मचारियों के कल्याण में काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यूनियन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं, और संगठन तभी मजबूत होगा जब प्रत्येक सदस्य अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाएगा। उनका मानना है कि यह नई कार्यकारिणी केवल काशीपुर डिपो स्तर पर नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में यूनियन की शक्ति और प्रभाव को बढ़ाएगी। दोनों नेताओं ने भरोसा जताया कि यह टीम कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएगी और संगठन के उद्देश्यों को साकार करने में सफल रहेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से मिलकर काम करने की अपील की, ताकि यूनियन का कार्यक्षेत्र विस्तृत हो और कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा हो सके।

संबंधित ख़बरें
गणतंत्र दिवस की शुभकामना
75वां गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ

लेटेस्ट

ख़ास ख़बरें

error: Content is protected !!