काशीपुर। देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को अपना 46वां स्थापना दिवस पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया। काशीपुर स्थित श्री अग्रवाल सभा भवन में आयोजित इस विशेष संगोष्ठी में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का जज़्बा देखने लायक था। कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसने माहौल को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति और संगठन निष्ठा के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पीसीयू चेयरमैन राम मेहरोत्रा ने कहा कि आज का दिन पार्टी के लिए केवल एक उत्सव नहीं बल्कि समर्पण, सेवा और संगठन के मूल्यों को याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने संघर्ष की लंबी यात्रा तय कर आज देश और दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में खुद को स्थापित किया है। हम सबको संकल्प लेना है कि केंद्र, राज्य और स्थानीय निकायों की भाजपा सरकारों की नीतियों और योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जायेगा।
भाजपा जिला मंत्री मोहन बिष्ट ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी का स्थापना दिवस प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए गर्व और सम्मान का दिन है। उन्होंने कहा कि जिस संगठन की नींव राष्ट्रवाद, सेवा और सद्भावना जैसे मूल्यों पर रखी गई थी, आज वह संगठन करोड़ों देशवासियों की आकांक्षाओं की आवाज बन चुका है। भाजपा ने हमेशा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए समाज के हर वर्ग, हर समुदाय और देश के हर कोने तक अपनी विचारधारा को पहुंचाया है। मोहन बिष्ट ने जोर देते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक जीवंत विचारधारा है, जो देश को सशक्त, आत्मनिर्भर और समरस बनाकर उसे विश्वगुरु की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।
नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक गोयल ने स्थापना दिवस पर बोलते हुए कहा कि आज का दिन उन सभी समर्पित और त्यागी कार्यकर्ताओं को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर है, जिन्होंने अपने खून-पसीने से भारतीय जनता पार्टी की नींव को मजबूती प्रदान की। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए पीढ़ी दर पीढ़ी कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं का त्याग और समर्पण कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका संघर्ष, सेवा और पार्टी के प्रति अटूट विश्वास ही आज भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित करने में सफल हुआ है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सिर्फ एक संगठन नहीं बल्कि एक विचारधारा है, जिसने भारत को एक सशक्त, स्वाभिमानी और आत्मनिर्भर राष्ट्र की दिशा में अग्रसर किया है। हम सभी कार्यकर्ता गर्व महसूस करते हैं कि हम इस महान संगठन का हिस्सा हैं।

स्थापना दिवस के अवसर पर यह भी घोषणा की गई कि आने वाले एक सप्ताह तक भाजपा द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जन-जागरूकता अभियान, नीतियों का प्रचार-प्रसार, जन संवाद व सेमिनार शामिल होंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकार की लोकहितकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और पार्टी से आमजन को जोड़ना होगा।
इस अवसर पर काशीपुर के महापौर दीपक बाली की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा और ऊर्जा दोनों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आने वाले चुनावों और राष्ट्र निर्माण की दिशा में संगठन की नई रणनीति और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ‘मिशन 2027 और उससे आगे’ की तैयारी आज से ही शुरू हो चुकी है। दीपक बाली ने कहा कि भाजपा ने नए भारत की नींव रखी है, जो आत्मनिर्भरता, सुशासन और राष्ट्रवाद के मूल सिद्धांतों पर आधारित है। ऐसे में यह हम सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का कर्तव्य बनता है कि हम इस महान विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं और पार्टी की रीति-नीति को समाज के अंतिम व्यक्ति तक ले जाएं।
महापौर दीपक बाली ने भाजपा के 46वें स्थापना दिवस के अवसर पर कहा कि आज का दिन उन मूल्यों, विचारों और संकल्पों को याद करने का दिन है, जिनके साथ भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रसेवा की यात्रा शुरू की थी। यह केवल एक राजनीतिक दल का स्थापना दिवस नहीं, बल्कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का उत्सव है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, जनधन, पीएम किसान, फसल बीमा, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, आयुष्मान भारत जैसी ऐतिहासिक योजनाओं से आमजन के जीवन को सशक्त और सरल बनाया है। श्री राम मंदिर निर्माण से लेकर धारा 370 हटाने तक, हर कदम ने भारत की गरिमा को नई ऊंचाई दी है। दीपक बाली ने आह्वान किया कि आइए, इस स्थापना दिवस पर हम सब संकल्प लें कि भारत को विश्वगुरु बनाने के इस यज्ञ में हम पूरी निष्ठा से योगदान देंगे।
कार्यक्रम में शहर के तमाम वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और पार्षदगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से गुरविंदर सिंह चंडोक, उषा चौधरी, मुक्ता सिंह, इंतजार हुसैन, लवीश कुमार, हसन नूरी, अजय शंकर कौशिक, मुकेश चावला, विपिन अरोरा, चौ. समरपाल सिंह, शिव अवतार गुप्ता, लवीश अरोरा, ईश्वर चंद्र गुप्ता, राजीव अरोरा बच्चू, वैशाली गुप्ता, रवि प्रजापति, प्रिंस बाली, सर्वेश शर्मा, कविता यादव, कल्पना राणा, शशांक सिंह, अशोक कुमार सैनी, जाकिर हुसैन, फारूक अहमद, बंटी अग्रवाल, रेखा सक्सेना, विनीत चौधरी और आरएस यादव शामिल रहे।
भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस के इस भव्य और प्रेरणादायक आयोजन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि भाजपा कार्यकर्ता आज भी उसी ऊर्जा, समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं जैसे पार्टी के स्थापना काल में था। संगठन की जड़ें अब और अधिक मज़बूत हो चुकी हैं और कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। काशीपुर से शुरू हुआ यह उत्सव केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह उस राष्ट्रव्यापी चेतना का प्रतीक बन गया जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता देशहित को सर्वाेपरि मानकर सेवा भाव से जुड़ा है। कार्यकर्ताओं की आंखों में यह स्पष्ट झलक रहा था कि भाजपा की यह शक्ति और विचारधारा अब गांव-गांव और गली-गली तक पहुंचेगी और भारत को सशक्त राष्ट्र बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगी।