किच्छा। उत्तराखंड में भाजपा सरकार के भीतर बढ़ते टकराव और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के संसद में दिए बयान को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. गणेश उपाध्याय ने कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने खुद अपनी पार्टी की सरकार पर अवैध खनन में लिप्त होने का आरोप लगाया है, जो राज्य सरकार की असलियत को उजागर करता है।
डॉ. उपाध्याय ने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के तीन साल बेमिसाल होने का दावा करते हुए जश्न मना रहे हैं, तो दूसरी तरफ उनके ही पार्टी के वरिष्ठ नेता त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार की पोल खोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र रावत का यह बयान साबित करता है कि प्रदेश में अवैध खनन का खेल शासन-प्रशासन की मिलीभगत से चल रहा है और भाजपा सरकार इसमें पूरी तरह संलिप्त है।
डॉ. उपाध्याय ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने संसद में स्पष्ट रूप से स्वीकार किया है कि अवैध खनन में लगे डंपर बेतहाशा गति से चलते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। इन दुर्घटनाओं में कई निर्दाेष नागरिकों की जान जा चुकी है, लेकिन भाजपा सरकार इस पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि ट्रक और डंपर चालक ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, नशे की हालत में वाहन चला रहे हैं, और प्रशासन उनकी इन हरकतों पर आंख मूंदे बैठा है।
डॉ. गणेश उपाध्याय ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड की भ्रष्ट अफसरशाही और पुलिस प्रशासन भाजपा के इशारों पर काम कर रही है। किच्छा में डंपर की चपेट में आकर हाल ही में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस भाजपा नेताओं के दबाव में काम कर रही है और कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
डॉ. उपाध्याय ने उदाहरण देते हुए कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस ने भाजपा नेताओं के इशारे पर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राजकुमार बजाज के पुत्र पर जानलेवा हमले का फर्जी मुकदमा दर्ज कर लिया, जबकि कांवड़ यात्रा के दौरान किच्छा बाईपास इंटरचेंज के पास हुई दुर्घटना के आरोपी को पुलिस अब तक पकड़ने में नाकाम रही है। आरोपी खुलेआम घूम रहा है, लेकिन पुलिस उसे गिरफ्तार करने की जगह सिर्फ कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही है।
डॉ. उपाध्याय ने भाजपा सरकार पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के दलदल में पूरी तरह से डूब चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समाधान करना नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना और अपने नेताओं के निजी स्वार्थ पूरे करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं, महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है, लेकिन भाजपा सरकार केवल झूठे प्रचार और इवेंट मैनेजमेंट में लगी हुई है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. गणेश उपाध्याय ने कहा कि भाजपा सरकार के भ्रष्ट और जनविरोधी शासन के खिलाफ कांग्रेस अब बड़े स्तर पर जनांदोलन छेड़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ते अवैध खनन, प्रशासनिक भ्रष्टाचार और पुलिस की तानाशाही से आम जनता त्रस्त हो चुकी है, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। कांग्रेस जनता के हक और अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। सरकार की नाकामी और घोटालों को उजागर करने के लिए कांग्रेस हर मोर्चे पर मजबूती से लड़ेगी। डॉ. उपाध्याय ने साफ किया कि भाजपा सरकार को बेनकाब करने और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए पार्टी किसी भी हद तक जाने को तैयार है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे इस लड़ाई में कांग्रेस का साथ दें।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. गणेश उपाध्याय ने राज्यपाल से उत्तराखंड में बढ़ते अवैध खनन, भ्रष्टाचार और पुलिस की तानाशाही को लेकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन के कारण न केवल पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंच रही है, बल्कि प्रशासन की मिलीभगत से यह माफियाओं के लिए एक फलता-फूलता काला कारोबार बन गया है। साथ ही, पुलिस प्रशासन आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय सत्ताधारी दल के प्रभाव में काम कर रहा है, जिससे आम नागरिकों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। डॉ. उपाध्याय ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा सरकार ने जल्द से जल्द अवैध खनन और भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लगाया तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी और सरकार को घुटने टेकने पर मजबूर कर देगी।