हरिद्वार(सुरेन्द्र कुमार)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उनके वर्तमान कार्यकाल के तीन वर्ष 23 मार्च को पूरे हो रहे हैं, जिसे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ मना रही है। इस अवसर को खास बनाने के लिए 22 मार्च से 30 मार्च तक पूरे प्रदेश में “सेवा और विकास” थीम पर विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के तहत राज्य भर में स्वास्थ्य शिविर, बहुउद्देशीय कैंप, रक्तदान अभियान, महिला सशक्तिकरण के कार्यक्रम और अन्य विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुँचाई जाएगी। मुख्यमंत्री धामी खुद कई महत्वपूर्ण आयोजनों में भाग लेंगे और सरकार की उपलब्धियों को जनता से साझा करेंगे। बीजेपी इस अवसर पर प्रदेश के हर कोने तक सरकार की योजनाओं और उनकी सफलता को पहुँचाने का कार्य करेगी, जिससे जनता को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राज्य सरकार में दायित्वधारी डॉ. देवेंद्र भसीन ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार ने कई क्रांतिकारी फैसले लिए, जिनकी गूंज पूरे देश में सुनाई दी। पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में इन वर्षों में उत्तराखंड ने नए कीर्तिमान स्थापित किए। इन तीन वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुँचाने के लिए सरकार और पार्टी मिलकर कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है। 22 मार्च को मुख्यमंत्री अल्मोड़ा में एक विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगे, जबकि 23 मार्च को देहरादून में एक भव्य जनसभा का आयोजन होगा, जिसे ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर लाइव प्रसारित किया जाएगा। इस अवसर पर विकास पुस्तिका का विमोचन, स्वास्थ्य शिविर और बहु-उद्देश्यीय सेवा शिविर भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा, 30 मार्च तक ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर विभिन्न सेवा शिविरों का आयोजन होगा, जिनमें स्वास्थ्य जांच, रक्तदान शिविर और जनता की समस्याओं के समाधान हेतु बहु-उद्देश्यीय शिविर आयोजित किए जाएंगे।
डॉ. देवेंद्र भसीन ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का यह कार्यकाल सुशासन, विकास और जनहित से जुड़े ऐतिहासिक निर्णयों के लिए याद किया जाएगा। इनमें समान नागरिक संहिता (UCC), सशक्त भू-कानून, नकल विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून, महिला आरक्षण, राज्य आंदोलनकारियों को आरक्षण जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं। डॉ. भसीन ने बताया कि इन वर्षों में प्रदेश में तेज गति से विकास कार्य हुए हैं। महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार, पूर्व सैनिकों, किसानों, व्यापारियों और समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएँ लागू की गईं। प्रधानमंत्री मोदी ने धामी सरकार की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह दशक उत्तराखंड का होगा। डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, जिनसे प्रदेश की दिशा और दशा बदल गई है। इनमें समान नागरिक संहिता (UCC) का लागू होना सबसे अहम कदम रहा। मुख्यमंत्री धामी ने अपने चुनावी वादे को निभाते हुए उत्तराखंड को देश का पहला राज्य बना दिया, जिसने UCC को कानूनी रूप दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने भी इस फैसले की सराहना की। अब अन्य राज्यों में भी इसे लागू करने की चर्चा हो रही है।
डॉ. भसीन ने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में सशक्त भू-कानून लागू किया गया। इस कानून के तहत कृषि भूमि के उपयोग में बदलाव पर रोक लगाई गई, अवैध अतिक्रमण को हटाया गया और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई। इसके अलावा, जबरन धर्म परिवर्तन पर रोक लगाने के लिए कड़े कानून लागू किए गए, जिससे बाहरी अवांछित तत्वों की पहचान और सत्यापन के लिए अभियान चलाए गए। राज्य में लैंड जिहाद, लव जिहाद और अन्य सनातन विरोधी गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से लगाम लगाई गई। भ्रष्टाचार पर मुख्यमंत्री धामी की जीरो टॉलरेंस नीति को ऐतिहासिक बताते हुए डॉ. भसीन ने कहा कि अब तक सैकड़ों भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को जेल भेजा जा चुका है। प्रदेश में नकल विरोधी कानून लागू कर परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया। वहीं, जनता को भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराने की सुविधा देने के लिए 1064 ऐप लॉन्च किया गया, जिसमें शिकायतकर्ताओं की गोपनीयता सुनिश्चित की जाती है।
डॉ. देवेंद्र भसीन ने बताया कि युवाओं के लिए रोजगार सृजन सरकार की प्राथमिकता में शामिल रहा। डॉ. भसीन ने बताया कि राज्य में 24,000 रिक्त पदों में से 19,000 पदों पर पारदर्शी तरीके से भर्तियाँ की गईं। उन्होने कहा कि पहले सरकारी नौकरियों में भारी भ्रष्टाचार की शिकायतें मिलती थीं, लेकिन मुख्यमंत्री धामी के सख्त रुख के चलते अब भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी हो गई है। इसी तरह, महिला सशक्तिकरण के लिए भी सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाए। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30% क्षैतिज आरक्षण दिया गया। ‘लखपति दीदी योजना’ और ‘सशक्त बहना उत्सव’ जैसी योजनाओं के तहत 30,000 से अधिक महिलाओं को रोजगार मिला। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए 3.18 करोड़ रुपये के सामान की बिक्री की गई। डॉ. देवेंद्र भसीन ने बताया किराज्य निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले आंदोलनकारियों का सम्मान करते हुए सरकार ने उन्हें सम्मान राशि प्रदान की और उनके आश्रितों को 10% क्षैतिज आरक्षण दिया। वहीं, उत्तराखंड जैसे सैन्य बहुल राज्य में पूर्व सैनिकों के लिए भी कई बड़े कदम उठाए गए। डॉ. भसीन ने बताया कि वन रैंक वन पेंशन योजना को लागू करने के साथ ही वीरता पुरस्कार विजेताओं की सम्मान राशि बढ़ाई गई। परमवीर चक्र विजेताओं की राशि 30 लाख से बढ़ाकर 50 लाख, अशोक चक्र विजेताओं की राशि 30 लाख से 50 लाख और महावीर चक्र विजेताओं की राशि 20 लाख से 35 लाख कर दी गई।
डॉ. देवेंद्र भसीन ने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ और किफायती बनाने के लिए प्रदेश के नागरिकों को अटल आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक की मुफ्त चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। डॉ. भसीन ने कहा कि अब तक 50 लाख से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं और लाखों लोग इस योजना का लाभ उठा चुके हैं। उन्होने कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर करने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए गए। मानसखंड एक्सप्रेस, वंदे भारत और सिद्धबली एक्सप्रेस जैसी नई ट्रेनों की शुरुआत की गई। पिथौरागढ़ के लिए नई हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हुई, जबकि ओम पर्वत और आदि कैलाश की यात्रा को सुगम बनाने के लिए हवाई सेवाओं का विस्तार किया गया। ऑल वेदर रोड और भारतमाला योजना के तहत सीमांत जिलों तक आधुनिक सड़क नेटवर्क पहुँचाया गया।
डॉ. देवेंद्र भसीन ने बताया कि पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे का निर्माण जारी है। डॉ. भसीन ने कहा कि सरकार बारहों महीने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाएँ लागू कर रही है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। डॉ. देवेंद्र भसीन ने बताया कि गरीबों और किसानों के लिए सरकार ने कई कल्याणकारी योजनाएँ शुरू कीं। गरीब परिवारों को हर साल 3 मुफ्त गैस सिलेंडर दिए जा रहे हैं। किसानों को गेहूँ खरीद पर 20% बोनस दिया गया है, जिससे उनकी आय में बढ़ोतरी हो रही है। डॉ. भसीन ने कहा कि राज्य की आर्थिक मजबूती को ध्यान में रखते हुए सरकार ने 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का ऐतिहासिक बजट पेश किया, जिससे प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के इन ऐतिहासिक फैसलों से उत्तराखंड विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने के वादे को पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने विकास की नई ऊँचाइयों को छुआ है। बीजेपी और सरकार की संयुक्त भागीदारी से राज्य में सुशासन, पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। आगामी वर्षों में उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प पूरा करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी संजीव वर्मा, जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष विक्रम भुल्लर सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।