नई दिल्ली(स्वाती गुप्ता)। दिल्ली में एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि राजधानी का 2025-26 का बजट 24 से 26 मार्च के बीच विधानसभा में पेश किया जाएगा। यह बजट ‘विकसित दिल्ली’ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है। सरकार ने इस बजट को और अधिक समावेशी बनाने के लिए आम जनता के सुझावों को भी आमंत्रित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की भागीदारी से तैयार किया गया बजट ही वास्तव में दिल्ली के विकास को नई दिशा देगा। सरकार ने सुझाव प्राप्त करने के लिए एक विशेष ईमेल आईडी और व्हाट्सएप नंबर जारी किया है, जिससे नागरिक सीधे अपने विचार और प्रस्ताव सरकार तक पहुंचा सकते हैं।
दिल्ली सरकार के इस निर्णय पर मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि ‘विकसित दिल्ली’ का सपना प्रधानमंत्री की सोच से प्रेरित है और इसे साकार करने के लिए हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों से मिले सुझाव इस बजट की रूपरेखा तैयार करने में मददगार साबित होंगे और इसके माध्यम से दिल्ली के विकास को नई गति दी जाएगी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि यह बजट ऐसा होगा जो सभी वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखेगा और इसे एक व्यापक दृष्टिकोण के साथ तैयार किया जाएगा।
वहीं, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस बजट सत्र को लेकर कहा कि दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 24 मार्च से आरंभ होगा और यह राजधानी के विकास को लेकर बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। उन्होंने कहा कि पिछले 10-11 वर्षों में दिल्ली के विकास की गति प्रभावित हुई है, लेकिन अब इसे एक निश्चित योजना के तहत फिर से पटरी पर लाने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार इस दिशा में पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही है और बीते कुछ दिनों में कई महत्वपूर्ण बैठकें और योजनाएं बनाई गई हैं।
दिल्ली सरकार ने आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एक वेबसाइट के साथ ही ईमेल आईडी viksitdelhibudget-25@delhi.gov.in और व्हाट्सएप नंबर 9999962025 जारी किया है, जहां कोई भी नागरिक अपने सुझाव भेज सकता है। इसके अलावा, महिलाओं के सुझावों को विशेष रूप से प्राथमिकता देने के लिए 5 मार्च को विधानसभा में विभिन्न महिला संगठनों की बैठक बुलाई गई है, जहां उनके विचारों और आवश्यकताओं को सुना जाएगा। सरकार का कहना है कि यह बजट दिल्ली के हर नागरिक के लिए होगा और उनकी जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।