रामनगर। 9 मार्च को देसी रूट बसई में भव्य महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस कार्यक्रम के दौरान चार प्रतिष्ठित महिलाओं को उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इनमें रेखा गुसाई, प्रबंधक जीएमओ एसोसिएशन, कौशल्या शर्मा, सभासद नगरपालिका रामनगर, दीनू नेगी, एडवोकेट और पूर्व उपाध्यक्ष रामनगर बार एसोसिएशन, तथा कविता बिष्ट, कविता वुमन सपोर्ट होम की संस्थापक शामिल थीं।
कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट फैजुल हक ने किया और अध्यक्षता शबाना सैफी ने संभाली। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता पूरन चंद्र पांडे ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और बाल संरक्षण कानूनों की जानकारी दी। वहीं, मालवी दुआ और पूजा पटवाल ने स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए पार्लर से जुड़ी उपयोगी जानकारी साझा की। महिला अभिकर्ता इंदु ध्यानी ने जीवन बीमा क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की।
इस कार्यक्रम में डॉक्टर नासिर ने महिलाओं को स्वास्थ्य और चिकित्सा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं। अधिवक्ता फिरोज अंसारी ने स्वयं सहायता समूहों और एनजीओ के महत्व को रेखांकित किया। वरिष्ठ अधिवक्ता संजीव अग्रवाल ने जीएसटी से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी, जबकि अधिवक्ता मनु अग्रवाल ने कंप्यूटर और साइबर कानूनों पर प्रकाश डाला। हिना ने बैंकिंग से संबंधित अहम जानकारी दी जिससे महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता की दिशा में आगे बढ़ने में सहायता मिल सके।
अध्यक्ष शबाना सैफी ने बताया कि उनकी सोसाइटी महिलाओं और बच्चों के उत्थान के लिए नियमित रूप से जागरूकता शिविरों का आयोजन करती है। उनकी समिति में समाजसेवी, अधिवक्ता, डॉक्टर और अन्य बुद्धिजीवी सदस्य शामिल हैं, जो गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। इस वर्ष महिला अधिकारों की थीम ‘एक साथ आगे बढ़ना’ निर्धारित की गई है, जिसके अंतर्गत समिति महिलाओं और बच्चों के अधिकारों के प्रति जनचेतना फैलाने का संकल्प ले रही है।
समिति के सचिव फैजुल हक ने सभी आगंतुकों का आभार प्रकट करते हुए समिति के आगामी कार्यक्रमों को भी इसी जोश और उत्साह के साथ आयोजित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समिति आगे भी महिला अधिकारों और सशक्तीकरण से जुड़े विषयों पर कार्यशालाएँ और सेमिनार आयोजित करती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को उनके अधिकारों और रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी दी जा सके। कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों को उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया गया और इस विशेष अवसर को स्मरणीय बनाने की प्रतिबद्धता जताई गई।